सफारी 20 फीट गहरी खाई में गिरी, 3 की मौत:शीशा तोड़कर बाहर निकाला, काशी से जौनपुर शादी में जा रहे थे

जौनपुर में बारातियों से भरी सफारी कार 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं। कार सवार वाराणसी से धर्मापुर शादी में शामिल होने जा रहे थे। मुफ्तीगंज बाजार के पास मोड़ पर कार बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने कार को कंट्रोल करने के लिए ब्रेक तो मारी, लेकिन वह संभाल नहीं पाया। सफारी, हाईवे से सीधे खाई में जा गिरी। कार गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर राहगीर दौड़े। लोग कार में फंसे थे, मदद को चिल्ला रहे थे। कार के दरवाजे ऑटोमैटिकली लॉक हो गए थे। शीशे तोड़कर सबको बाहर निकाला गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। सभी लोगों को मुफ्तीगंज सीएचसी पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर्स ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुरुवार को तीनों घायलों की हालत बिगड़ने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान वाराणसी कैंट के बबलू (45), श्यामलाल (35) और राजू सोनकर (45) के रूप में हुई है। सभी दूल्हे के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसे की तस्वीरें देखिए… कार पहले पेड़ पर अटकी, फिर नाले में गिरी बुधवार को वाराणसी कैंट के संदीप की जौनपुर के इकौना गांव में लक्ष्मण की बेटी से शादी थी। वाराणसी कैंट से करीब 70 किलोमीटर दूर बारात जानी थी। शाम पांच बजे कैंट से जौनपुर के लिए बारात निकली। बारातियों में छह लोग एक सफारी पर सवार होकर निकले। रात करीब 10 बजे जौनपुर-केराकत रोड पर जैसे ही वे लोग पहुंचे, मुफ्तीगंज बाजार के पास टर्न लेते समय अचानक से कार बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने ब्रेक मारी लेकिन गाड़ी संभली नहीं। स्पीड तेज होने की वजह से कार फिसलते हुए हाईवे के किनारे एक पेड़ से टकराई। इसके बाद करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोग मदद को दौड़े। कार के दरवाजे ऑटोमैटिकली लॉक हो गए थे। इसलिए लोग बाहर भी नहीं निकल पा रहे थे। पुलिस भी पहुंच गई। सफारी के शीशे तोड़े गए। इसके बाद सबको बाहर निकाला। दुल्हन के भाई गोलू सोनकर ने बताया कि हादसा उनके घर से सिर्फ 2 किलोमीटर पहले हुआ। सूचना मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- बाहर निकाले गए लोग काफी गंभीर हालत में थे। पुलिस सभी 6 लोगों को अस्पताल ले गई। लेकिन डॉक्टर्स ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया। देर रात जौनपुर SP डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे। घायलों का हाल जाना। दुल्हन बोली- मैं ब्यूटीपार्लर में थी, तभी पता चला दुल्हन बबिता सोनकर ने रोते हुए बताया- रात में मैं पार्लर के लिए जा रही थी, तब चाचा भोला सोनकर ने बताया था कि बारात आधे रास्ते पहुंच चुकी है। इसके बाद मैं और भतीजी रेनू सोनकर ब्यूटी पार्लर चले गए। बारात काफी लेट हो रही थी। तो चाचा ने फोन किया। मैं ब्यूटी पार्लर में थी, तभी मेरे पास फोन आया कि बारातियों का एक्सीडेंट हो गया है। बहन की शादी टली, भतीजी की सादगी से संपन्न दुल्हन के भाई गोलू सोनकर ने बताया कि मेरे परिवार में कल दो शादियां थीं। बहन बबिता सोनकर और भतीजी रेनू सोनकर की। भतीजी की बारात अहमदाबाद से आई थी। हादसे के बाद बहन बबिता की शादी तो टल गई, पर भतीजी रेनू की शादी बेहद सादगी के साथ हुईं। रेनू सुन-बोल नहीं सकती है। धरा रह गया दहेज का सारा सामान चाची लालमनी सोनकर ने बताया- बबिता की शादी के लिए खाना-पीना बनकर पूरी तरह से तैयार था। दहेज का सारा सामान लाकर रखा गया था। पर इस हादसे के कारण फिलहाल तो शादी टाल दी गई है। आधे से ज्यादा खाना बर्बाद हो गया। दहेज का सामान जस का तस पड़ा हुआ है। ————————————- ये खबर भी पढ़िए… मुस्कान बेटी के साथ 30 दिन क्वारैंटाइन बैरक में रहेगी:मेरठ में सौरभ के भाई बोले- बड़ी बेटी का भी DNA टेस्ट हो मेरठ में पति सौरभ की हत्यारोपी मुस्कान अपनी नवजात बेटी के साथ मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दी गई है। उसे चौधरी चरण सिंह जिला जेल की क्वारैंटाइन बैरक में रखा गया है। मुस्कान ने 24 नवंबर को बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद वह दो दिन मेडिकल कॉलेज में रही। मुस्कान ने बेटी का नाम राधा रखा है। उसने पहले से ही तय कर रखा था कि अगर बेटा हुआ तो कृष्ण और बेटी हुई तो राधा नाम रखेगी। पढ़िए पूरी खबर…