सरोजनीनगर में ट्रांसफार्मर से बच्चा झुलसा:विधायक ने इलाज और कार्रवाई तेज कराई, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की कहीं बात

लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बिजनौर स्थित सैनिक विहार कॉलोनी में 11 जनवरी 2026 को एक खुले और असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से 8 वर्षीय अर्पित पाल गंभीर रूप से झुलस गया। अर्पित राकेश पाल का पुत्र है। घटना की सूचना मिलते ही सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बच्चे के उपचार को प्राथमिकता देते हुए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराई। विधायक के मार्गदर्शन में पीड़ित परिवार को अब तक लगभग 75 हजार रुपये की चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, उनकी टीम के सदस्यों ने रक्तदान कर परिवार को चिकित्सीय और भावनात्मक दोनों तरह से सहयोग प्रदान किया। चूंकि पीड़ित परिवार मूल रूप से मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र का निवासी है, डॉ. राजेश्वर सिंह ने संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए मोहनलालगंज के विधायक से विधायक निधि के माध्यम से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का औपचारिक अनुरोध किया है। इसका उद्देश्य बच्चे के उपचार में किसी प्रकार की बाधा को रोकना है। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस घटना को केवल एक दुर्घटना तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार को शासन स्तर से उचित सहायता और मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने ऊर्जा मंत्री को भी एक पत्र भेजा है। इस पत्र में एफआईआर दर्ज कराने, घटना की निष्पक्ष जांच करने, दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में मौजूद अन्य असुरक्षित ट्रांसफार्मरों की पहचान कर उनकी फेंसिंग व सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की गई है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए सख्त मानकों का पालन तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अनिवार्य है।