सवारियों से भरी बुलेरो ट्रक से टकराई, महिला की मौत:हादसे में 19 लोग हुए घायल, मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के सामने हुआ हादसा

मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां सवारियों से भरी एक बुलेरो सड़क पार कर रही महिला को बचाने के चक्कर में ट्रक से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में एक महिला मानपुर निवासी 50 वर्षीय सुरेश पत्नी बबलू की मौत हो गई जबकि 19 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को पास ही स्थित मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है। बेटी को लेकर लौट रहा था परिवार
सरधना के ग्राम मानपुर निवासी उम्मेद ने अपनी बेटी प्राची की शादी 9 नवंबर को बुलंदशहर के माकड़ी निवासी युवक से की थी। सोमवार को परिवार के लोग प्राची को लेने के लिए उसकी ससुराल पहुंचे। शाम को सभी प्राची को लेकर बुलेरो गाड़ी से वापस घर चल दिए। जैसे ही मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर बुलेरो एनसीआर मेडिकल कॉलेज के सामने पहुंची, अचानक सड़क पार कर रही महिला को बचाने के चक्कर में बुलेरो चालक ने स्टेयरिंग घुमा दिया। तभी पीछे से रहे ट्रक ने बुलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। इसी दौरान एक पल्सर सवार युवक भी बुलेरो की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद मची चीख पुकार
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। बुलेरों में काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्हें राहगीरों ने तुरन्त उठाकर पास ही स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही खरखौदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से वाहनों को हटाने का काम किया। इस हादसे में एक पल्सर सवार युवक भी घायल हुआ है जो सामने चल रहे बुलेरो के अचानक ब्रेक लगने के कारण अनियंत्रित हो गया और बुलेरो से जा टकराया। एसपी ट्रैफिक ने पहुंचकर हाल जाना
हादसे के बाद एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र, सीओ किठौर प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। दोनों अफसर एनसीआर मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। एसपी ट्रेफिक ने हादसे की जानकारी लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। गंभीर हालत के चलते महिला शशि और पल्सर बाइक सवार रजत को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में यह लोग हुए घायल
घायलों में मानपुर निवासी कुणाल पुत्र रविंदर, रविंदर पुत्र ब्रह्मपाल, कनक पुत्र रविंदर, सुनील, पुष्पेंदर व दीपक पुत्रगण ब्रह्म सिंह, दीपिका पुत्री हरेन्दर, अभिषेक पुत्र राजेश, सुरेश पुत्र बबलू, प्राची पुत्री उम्मेद, साक्षी पुत्री उम्मेद, उम्मेद पुत्र बबलू, रमनदीप पुत्र उम्मेद, सतपाल पुत्र मामचंद, महेश पुत्र बलजीत निवासी गावड़ी, सोनी निवासी गावड़ी आदि शामिल हैं। लिफ्ट लेने वाली महिला भी घायल
हादसे में खरखौदा निवासी एक महिला शशि भी घायल हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शशि अपने एक रिश्तेदार के यहां फरीदाबाद गई थी। उसे वहां से 60 हजार रुपये लेकर आने थे। हापुड़ से शशि ने बुलेरो में लिफ्ट मांगी। महिलाओं ने शशि को बैठा लिया। हादसे के बाद पुलिस को मौके से 60 हजार रुपये भी मिले जो पूछताछ के बाद शशि के पति महेश को लौटा दिए। हादसे ने यातायात माह की पोल खोली
इस हादसे ने यातायात माह अभियान की भी पोल खोलकर रख दी है। सवाल यह है कि एक बुलेरो में इतनी सवारी कैसे सफर कर रही थी। कम से कम तीन जिले की सीमाओं से होते हुए यह बुलेरो चली भी गई और लौट भी आई लेकिन सड़क पर खड़े किसी भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी या थाना पुलिस की उन पर नजर नहीं पड़ी। पुलिस बुलेरो को रोकती तो शायद हादसा भी रुक जाता लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हादसे में यह लोग हुए घायल :