सहारनपुर पुलिस ने नशा तस्कर को किया अरेस्ट:5.20 लाख रुपये कीमत की 26 ग्राम अवैध स्मेक बरामद, हरियाणा से हो रही थी सप्लाई

सहारनपुर पुलिस ने बुधवार को एक शातिर स्मैक तस्कर को अरेस्ट किया है। आरोपी के पास से 26 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी विकास उर्फ साहिल पुत्र राजपाल के रूप में हुई है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के उद्देश्य से यह अभियान तेज किया गया है। उन्होंने बताया कि, एसएसपी के निर्देश पर जनपद पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। गंगोह पुलिस ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत इस तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा है। थाना गंगोह पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान आलमपुर चौराहे के पास से आरोपी विकास उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 26 ग्राम अवैध स्मैक मिली है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख 20 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास उर्फ साहिल लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था और गंगोह ओर आसपास के क्षेत्रों में स्मैक की आपूर्ति करता था। पुलिस को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में नशे के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे। पुलिस आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।