आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे रिटायर्ड इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा, राष्ट्रपति से वीरता पुरस्कार भी पा चुके हैं। सहारनपुर में विजिलेंस की पहली नवम्बर को हुई छापेमारी में उनके पास 14.38 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ था। राणा की एक ही गली में 4 आलीशन मकान मिले हैं। यही नहीं उसने 23 प्लॉट भी खरीद रखे थे। इन सभी प्लॉट्स की रजिस्ट्री अलग-अलग नामों से कराई गई है। 12 एकड़ से अधिक एरिया में एक फार्महाउस भी रिटायर्ड इंस्पेक्टर के पास मिला है। विजिलेंस को राणा के 12 बैंक अकाउंट्स की भी जानकारी मिली है। कुछ खातों में कई साल से संदिग्ध ट्रांजैक्शन का शक है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी हुई है कि पैसों का लेन-देन इन खातों से किन-किन लोगों को और क्यों किया गया है। संपत्तियों की कीमत और उसे खरीदने में इस्तेमाल धन का स्रोत का भी पता लगाया जा रहा। विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, अभी बहुत जानकारियां आनी बाकी है। उधर, राणा पर कार्रवाई होने पर उनके गांव में एक पक्ष ने जमकर जश्न मनाया और सामूहिक भोज का आयोजन किया। छापेमारी की 3 तस्वीरें देखिए… एक ही गली में मिले चार मकान प्रेमवीर राणा बागपत के गांव निरपुड़ा के रहने वाले हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी और 2 बेटे हैं। बेटा डॉक्टर है और छोटा बेटा इंडियन आर्मी में उच्च पद पर है। राणा, रिटायरमेंट के पहले सीबीसीआईडी लखनऊ में इंस्पेक्टर के रूप में तैनात थे, 2024 में रिटायर हुए। विजिलेंस के अनुसार, सहारनपुर के ब्रजेश नगर में एक ही गली में उनके चार मकान हैं। इनमें से एक मकान में वो अपनी पत्नी और एक बेटे के साथ रहते है। उनके घर में बेसमेंट भी बना हुआ है। बाकी के तीन घरों में से एक किराए पर है, दूसरे में उनका सामान रखा हुआ है। वहीं, तीसरा घर बंद रहता। शेखपुरा कदीन में रिटायर्ड इंस्पेक्टर का 12 बीघे का फॉर्म हाउस है। प्रेमवीर राणा को 2007 में उत्कृष्ट सेवा चिन्ह और 2016 में राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार भी मिला था। प्रेमवीर राणा ने कहा- विधायकों के गलत कामों को रोका, अब बदले की कार्रवाई प्रेमवीर राणा ने कहा- लोकायुक्त से बड़ी उत्तर प्रदेश में कोई जांच नहीं हो सकती। मेरे खिलाफ लोकायुक्त ने जांच की थी। मुझे उसमें क्लीनचिट मिल चुकी है। आज जो भी मेरे ऊपर लगाए जा रहे हैं। वे बेबुनियाद हैं। मेरे पास केवल एक मकान है। वो मेरे पिता ने 2004 में खरीदकर दिया था। जहां तक मेरी प्रॉपर्टी की बात है तो मेरे बच्चे नौकरी में हैं। सभी अच्छे पोस्ट पर हैं। मेरा एक बेटा आर्मी और दूसरा डॉक्टर है। बेटी प्रोफसर है। मैं अच्छे और सपंन्न परिवार से हूं। इसलिए मैं ये तो नहीं कह सकता हूं मेरे पास कुछ भी नहीं है। कहा- सहारनपुर और कैराना में तैनाती के दौरान सपा विधायक नाहिद हसन से टकराव हुआ था। कई विधायकों के गलत कामों पर रोक लगाई। जिसकी वे आज कीमत चुका रहे हैं। बताया कि उनके खिलाफ अब तक 26 मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें से 19 में वे बरी हो चुके हैं। अब जानिए प्रेमवीर राणा से जुड़े कुछ प्रमुख विवाद जानिए जांच में कहां-क्या मिला बृजेश नगर में 3 मकान
मकान संख्या बी-80 – यहां 71,500 कीमत का फर्नीचर, बैंक खातों की पासबुक, एलआईसी पॉलिसियों की रसीदें, शस्त्र खरीद की रसीदें बरामद हुईं। इस मकान की वर्तमान कीमत करीब 1.20 करोड़ आंकी गई। मकान संख्या बी-27 – 7,18,700 का घरेलू सामान और 20,59,055 की ज्वैलरी मिली। यहां से 12 बैंक खातों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। इस मकान की कीमत लगभग 1.5 करोड़ है। मकान संख्या बी-8 – यहां चार किरायेदार रहते पाए गए। इस मकान की कीमत करीब 80 लाख है। शेखपुरा का फॉर्म हाउस
10.5 करोड़ का फॉर्म हाउस सील
गांव शेखपुरा में फार्महाउस और उससे जुड़ी 3 प्लॉट थे। फार्म हाउस में 9.60 लाख कीमत का सामान पाया गया। फार्म हाउस की कुल कीमत लगभग 10.5 करोड़ आंकी गई है। फार्महाउस में बने बड़े हॉल की लागत करीब 70 लाख बताई गई है। इसके अलावा सर्च के दौरान 23 बैनामा कृषि और आवासीय प्लॉट, एक स्कॉर्पियो कार, एक डिजायर कार और एक बाइक भी मिली। कुल मिलाकर विजिलेंस टीम को करीब 14 करोड़ 38 लाख 9 हजार 255 रुपए की संपत्ति का पता चला है। इस सर्च ऑपरेशन में मेरठ सेक्टर की 31 सदस्यीय टीम शामिल थी। साथ में, दो ज्वेलरी वैल्यूअर, 4 भवन वैल्यूअर भी थे। मेरठ, नोएडा समेत पश्चिमी यूपी में रही तैनाती
रिटायर्ड इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा शामली के कैराना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रह चुके हैं। ड्यूटी के समय वे मेरठ, शामली, नोएडा समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तैनात रहे। इसी दौरान उन पर अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे हैं। रिटायर्ड इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत करने वाले उनके गांव के राममेहर है। योगी सरकार का कोई विज्ञापन देखकर उन्होंने शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई होने पर गांव में जश्न मनाया गया और दावत भी दिया गया। इसमें कई लोग शामिल हुए थे। ………………………….. ये भी पढ़ें- रवि किशन-खेसारी विवाद में कूदे निरहुआ:बोले- वो यादव नहीं ‘यदमुल्ला; VIDEO में देखिए सुपरस्टार्स के बीच तकरार भोजपुरी सुपरस्टार्स के बीच जुबानी जंग अब धमकी तक पहुंच गई है। शुक्रवार को बिहार के एक युवक ने गोरखपुर सांसद रवि किशन को गोली मारने की धमकी दी। उसने RJD से चुनाव से लड़ रहे खेसारी लाल यादव का सपोर्ट किया। वहीं, इस विवाद में अब दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी कूद पड़े हैं। उन्होंने खेसारी को यदमुल्ला कहा। देखिए वीडियो… —————————-