सहारनपुर में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:महिला को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

सहारनपुर के सदर बाजार थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़िता ने 1 दिसंबर को सदर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रामपुर मनिहारान कस्बे के निवासी एक युवक और उसके साथी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी आशीष तिवारी घटना का संज्ञान लिया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद नगर एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ मनोज यादव की निगरानी में थाना सदर बाजार पुलिस की टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंत विहार गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी विशाल पुत्र बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। आरोपी को नियमानुसार कोर्ट में पेश किया जा रहा है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।