सहारनपुर नगर निगम ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार शाम को सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के तहत सड़क, पुल और तालाब सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाया गया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने पेपर मिल रोड, ब्रजेश नगर पुल और ताहरपुर क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई की।
पेपर मिल रोड पर चार दुकानदारों ने टीन शेड डालकर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा था। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से सभी टीन शेड और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस और निगम कर्मियों ने नियंत्रित किया।
इसी अभियान के तहत ब्रजेश नगर पुल के नीचे लंबे समय से चल रही लगभग एक दर्जन दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर दो दुकानदारों से दो-दो हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर और सख्त कदम उठाए जाएंगे। ताहरपुर स्थित तालाब पर की गई कार्रवाई सबसे अहम रही। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने बताया कि एक व्यक्ति ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर सैकड़ों पोपुलर के पेड़ लगा दिए थे, जिससे तालाब का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा था।
नगरायुक्त के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध पेड़ों को उखड़वा दिया और तालाब को कब्जामुक्त कराया। इस संयुक्त कार्रवाई में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल गुरुंग, हरिप्रकाश कसाना सहित नगर निगम की राजस्व टीम और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर इसी तरह त्वरित कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।