सहारनपुर में पुलिस से अभद्रता करने वाले तीन आरोपी अरेस्ट:वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी माफी मांगता आया नज़र

सहारनपुर के जनकपुरी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी से अभद्रता करने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में तीन युवकों को मंगलवार शाम को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें अरेस्ट कर लिया। यह घटना जनता रोड स्थित एक दूध फैक्ट्री के ग्राउंड में हुई थी। डायल 112 पुलिस टीम किसी सूचना पर वहां पहुंची थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी राहुल शर्मा ने पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। वायरल वीडियो में राहुल शर्मा पुलिस सिपाही से तीखी बहस करते, उस पर अवैध वसूली का आरोप लगाते और उसकी कॉलर पकड़ते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद अन्य लोग भी घटना का वीडियो बनाते नजर आए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और थाना जनकपुरी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मी के साथ खुलेआम बदतमीजी की गई थी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल शर्मा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने राहुल शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी पुष्पांजलि विहार, सुहैल पुत्र इस्तकार निवासी ग्राम पाडली खुशहालपुर और सुहैल पुत्र जुल्फकार निवासी ग्राम सरकड़ी शेख को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान राहुल शर्मा माफी मांगते हुए भी दिखाई दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।