सहारनपुर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के पुरानी चुंगी स्थित एक बाइक पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। यह आग अमजद ऑटो पार्ट्स नामक दुकान में लगी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। दुकान के अंदर खड़ा एक एक्टिवा स्कूटर भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 8 बजे दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास की दुकानों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने भी बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल कर्मियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि दुकान में मोटरसाइकिल के पार्ट्स, इंजन ऑयल, रबर समेत अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुकान मालिक अमजद ने बताया कि दुकान में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। इस घटना में उन्हें लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।