सहारनपुर में मां ने दो बच्चों के साथ जहर खाकर सुसाइड कर लिया। बच्ची की उम्र 6 और बच्चे की 4 साल थी। महिला ने घर से थोड़ी दूर जाकर पहले बच्चों को जहर दिया। फिर खुद खा लिया। तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। वे बेहोश हो गए। राहगीरों ने देखा तो पुलिस और घरवालों को सूचना दी। उसके बाद उन्हें अस्पताल ले गए। वहां पहले मां-बेटी और 2 घंटे बाद बेटे की मौत हो गई। मायके वालों का कहना है- ससुराल वाले टॉर्चर करते थे। इसलिए, महिला ने सुसाइड कर लिया। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि आरोप झूठे हैं। उसने अपनी मर्जी से जहर खाया था। इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। घटना गुरुवार रात 9 बजे की गागलहेड़ी थाना क्षेत्र बलियाखेड़ी की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां मनिता (30), नित्या (6) और कार्तिकेय (4) के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सास, ससुर, जेठ-जेठानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सबसे पहले चार तस्वीरें देखिए 9 साल पहले हुई थी शादी
मनिता की 9 साल पहले शादी नीटू से हुई थी। मनिता जनकपुरी थाना क्षेत्र के मोहद्दीनपुर गांव की रहने वाली थी। पति नीटू रुड़की में प्राइवेट नौकरी करता है। पड़ोसियों के बताया- गुरुवार रात 9 बजे मनिता का जेठ-जेठानी और ससुर अतर सिंह से किसी बात पर झगड़ा हो गया। इसके बाद मनिता बच्चों को लेकर घर से थोड़ी दूर एक मंदिर के पास चली गई। वहां से पति को फोन किया। उससे कहा- वह बच्चों के साथ जहर खाकर जान देने जा रही है। इसके बाद फोन काट दिया। पहले बच्चों को फिर खुद भी खाया जहर मनिता ने पहले बच्चों को जहर खिलाया। उसके बाद खुद भी खा लिया। जहर खाने के बाद उनके मुंह से झाग निकलने लगा। वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। राहगीर ने देखा तो पुलिस और घरवालों को सूचना दी। थोड़ी देर बाद पुलिस पहुंची। एंबुलेंस से तीनों को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां रात 12 बजे मां-बेटी और रात 2 बजे बेटे ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत होने पर मायके वालों ने किया हंगामा घटना के बाद पड़ोसियों ने मनिता के घरवालों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मायके वाले अस्पताल पहुंच गए। उनका कहना था कि ससुराल वालों ने मौत की वजह नहीं बताई। सिर्फ इतना कहा कि जहरीला पदार्थ खाने से उनकी मौत हुई है। घटना के थोड़ी देर बाद मनिता का पति घर पहुंचा। उसके सामने नोकझोंक हुई। मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने समझाकर शांत कराया। मनिता के भाई जसबीर का आरोप है सास-ससुर और जेठ -जेठानी छोटी-छोटी बातों पर डांटते थे। बहन जब पति नीटू से शिकायत करती थी तो वह भी घरवालों का साथ देता था। घटना वाले दिन मनिता ने मायके फोन कर बताया था कि उसके साथ ससुर, जेठ और जेठानी मारपीट कर रहे हैं। मेरी बहन ने खुद जहर नहीं खाया। उसे खिलाया गया। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे थे, कोई मां अपने बच्चों को जहर नहीं दे सकती। पुलिस बोली- आरोपियों से की जा रही पूछताछ एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया- डायल 112 पर महिला की बच्चों के साथ जहर खाने की सूचना मिली थी। अस्पताल में तीनों का इलाज चला। जहां पर उनकी मौत हो गई। परिजन की तहरीर पर सास-ससुर समेत 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ———————– यह खबर भी पढ़िए… बच्चों ने देखी गंदी REEL…मां ने इन्फ्लुएंसर पर FIR कराई:आगरा में अश्लील कंटेंट पर भड़की, आरोपी लड़की के 4.5 लाख फॉलोअर्स आगरा में एक महिला ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर केस दर्ज कराया है। महिला के मोबाइल पर उसके बच्चे REEL देख रहे थे। अचानक एक गंदी क्लिप आ गई। महिला ने तुरंत बच्चों से मोबाइल छीन लिया। पढ़ें पूरी खबर…