सहारनपुर में चल रही डॉ. कैलाशानंद गिरी महाराज की रामकथा में बवाल हो गया। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ आए उनके PA और पत्रकार को पुलिस ने धक्के मारकर निकाल दिया। इस पर मासूम शर्मा भी नाराज हो गए और बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चले गए। दरअसल, NRI अजय गुप्ता और उनका परिवार रामकथा करा रहा है। पिछले 7 दिनों से यहां रामकथा चल रही है। जिसमें कई राजनेताओं से लेकर सेलिब्रिटी और क्रिकेटर भी आए। इसके लिए हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और मीका सिंह को भी इनवाइट किया गया था। मासूम शर्मा के साथ आए उनके PA और हरियाणी पत्रकार गुप्ता परिवार के लिए रिजर्व सीटों पर बैठ गए। इस पर गार्डों ने उनसे पीछे जाने को कहा। इसके बाद उनमें झगड़ा होने लगा। हंगामा होने पर कथा मैनेजर ने पुलिस बुलाकर PA और पत्रकार को धक्के मारकर बाहर कर दिया। बवाल की 2 तस्वीरें रिजर्व सीटों पर बैठने को लेकर हुआ झगड़ा
शिवधाम में 26 अक्टूबर से 7 दिन की रामकथा स्वामी डॉ. कैलाशानंद गिरी महाराज कर रहे थे। शनिवार (कल) को कथा का समापन था। इस दौरान कार्यक्रम में सिंगर मीका सिंह और हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को गाने भी गाने थे। मासूम शर्मा अपने बॉडीगार्ड व PA विकास और हरियाणवी पत्रकार करमू के साथ रामकथा में पहुंचे। गार्ड्स ने उन्हें VIP सिटिंग में बैठा दिया। इसके बाद विकास और करमू NRI अजय गुप्ता के परिवार की रिजर्व सीटों पर बैठ गए। इसी बीच वहां अजय गुप्ता भी पहुंच गए। इस पर गार्ड्स ने विकास और करमू से वहां से उठकर पीछे जाने को कहा। विकास और करमू ने कहा- हम मासूम शर्मा के साथ हैं। उनके खास हैं। इस पर गार्ड्स ने कहा- चाहे किसी के भी खास हो, यहां से पीछे जाओ। ये गुप्ता परिवार की रिजर्व सीट है। यहां किसी को बैठना अलाऊ नहीं है। इसको लेकर विकास और करमू की गार्ड्स से हॉट-टॉक हो गई। मामला बिगड़ गया। बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस बुलाई गई और दोनों को बाहर निकालने का ऑर्डर दे दिया। जब दोनों विरोध करने लगे तो पुलिस उनको धक्के देती हुई कथा कार्यक्रम से बाहर ले गई। इसके बाद मासूम शर्मा भी भड़क गए और कार्यक्रम से बाहर जाकर पत्रकार को पुलिस से छुड़ाने लगे। इस पर उनसे भी भीड़ की धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद वो कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए। देखें रामकथा की तस्वीरें… अब जानिए कौन हैं NRI अजय गुप्ता सहारनपुर के रायवाला मार्केट में राशन और मसालों की दुकान चलाने वाले शिवकुमार गुप्ता के तीन बेटे अजय (50), अतुल (47) और राजेश (44) हैं। तीनों भाइयों की पढ़ाई-लिखाई सहारनपुर में जेवी जैन कॉलेज से हुई। अजय ने BCom. के बाद सीए किया। अतुल ने कंप्यूटर हार्डवेयर का कोर्स किया और छोटे भाई राजेश ने बीएससी किया। ग्रेजुएशन करने के बाद यानी करीब 25 साल पहले सहारनपुर से गुप्ता ब्रदर्स बिजनेस के लिए साउथ अफ्रीका चले गए। वहां उनका कारोबार ऐसा फैला कि वो लोग साउथ अफ्रीका के टॉप-10 अमीर कारोबारी परिवारों में शुमार हो गए। हालांकि, उन पर हमेशा साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के नजदीकी होने और सियासी फायदे से कारोबार में आगे बढ़ाने का आरोप लगता रहा। हाल ही में इंटरपोल ने भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अतुल और राजेश गुप्ता के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था। राजनीति में दखल ने बढ़ाई मुश्किलें
जैसे-जैसे कारोबार और प्रभाव बढ़ा, गुप्ता बंधुओं ने साउथ अफ्रीका की राजनीति में भी दखल देना शुरू कर दिया। साल-2016 में उप वित्त मंत्री मसोबिसि जोनस ने खुलासा किया कि गुप्ता बंधुओं ने उन्हें वित्त मंत्री पद देने का ऑफर किया था। इसके बाद उन पर राष्ट्रपति जुमा के प्रभाव का इस्तेमाल कर सरकारी ठेके पाने और मंत्रियों की नियुक्तियों में हस्तक्षेप करने के आरोप लगे। इस दौरान गुप्ता ब्रदर्स के खिलाफ साउथ अफ्रीका में ऐसा माहौल बना कि उन्हें देश छोड़कर दुबई भागना पड़ा। यहां तक कि उनके कई कारोबार भी बिक गए। बढ़ते विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच साल- 2018 में साउथ अफ्रीका में गुप्ता बंधुओं के ठिकानों पर छापेमारी हुई। उसके बाद वे दुबई (UAE) भाग गए थे। अब बात करते हैं सिंगर मासूम शर्मा के बारे में सिंगर मासूम शर्मा से जुड़े 4 विवाद चंबल के डाकू गाने पर एफआईआर: मासूम शर्मा के इस साल कई गानों पर बैन लगा। मार्च 20025 में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में प्रतिबंधित गाना चंबल के डाकू गाने पर एफआईआर भी दर्ज हुई। यह गाना गन कल्चर को बढ़ावा देने की वजह से हरियाणा सरकार ने बैन कर दिया था। एक खटोला जेल के भीतर गाने पर माइक छीनाः इसी साल गुरुग्राम में एक कार्यक्रम में मासूम शर्मा ने प्रतिबंधित गाना एक खटोला जेल के भीतर गाया तो पुलिस ने कार्यक्रम रुकवा दिया। यही नहीं मंच पर मासूम शर्मा के हाथ से माइक भी छीन लिया। 14 गानों को यूट्यूब से हटवाया गयाः हरियाणा सरकार ने मासूम शर्मा के कम से कम 14 गाने बैन किए हैं। इनमें ट्यूशन बदमाशी की, 60 मुकदमे और खटोला शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये गीत हिंसा व गन को बढ़ावा देते हैं। हालांकि सिंगर ने दावा किया कि सत्ता में बैठे एक व्यक्ति ने व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते ऐसा करवाया। मंच पर फैन का गला पकड़ाः गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित जिमखाना क्लब में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान मासूम शर्मा ने मंच पर एक फैन का गला पकड़ धक्का दिया था। फैन का कहना था कि वो सेल्फी लेने गया था। वहीं मासूम शर्मा ने सफाई दी कि वो फैन नहीं बल्कि साउंड कर्मी था। विवाद होने पर मासूम ने युवक से माफी मांग ली थी। ……………………… ये खबर भी पढ़ें… मेरठ में 28 साल के किसान की हत्या, सीने में तीन गोलियां मारीं; घर का इकलौता बेटा था मेरठ में 28 साल के किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह शनिवार रात से लापता था। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर जंगल में खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक के सीने में गोली लगी थी। पढ़िए पूरी खबर