सहेलियां स्कूल से घर ले गईं, भाई ने रेप किया:अश्लील वीडियो बनाया; बरेली में हाईस्कूल की छात्रा फंक्शन में गई थी

बरेली में हाईस्कूल की एक छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। रेप छात्रा की सहेलियों ने अपने भाई से कराया। वह स्कूल में हुए एनुअल फंक्शन (वार्षिकोत्सव) में गई थी। लौटते समय उसकी दो सहेलियां, जो सगी बहनें हैं, उसे अपने घर ले गईं। वहां छात्रा को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया दिया। इससे छात्रा बेसुध हो गई। इसके बाद सहेलियों के भाई ने उसके साथ रेप किया। 14 फरवरी को हुई इस घटना की छात्रा ने 15 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी दोनों बहनें और मां-बाप फरार हैं। यह घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र की है। अब पूरा मामला जानिए… स्कूल में वार्षिकोत्सव था, उसी में गई थी
16 साल की छात्रा हाईस्कूल में पढ़ती है। उसके साथ गांव में रहने वाली दो लड़कियां भी पढ़ती हैं। उन दोनों की उम्र भी 16 साल है। 15 फरवरी को छात्रा अपने पिता के साथ नवाबगंज थाने पहुंची। छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया- मेरी बेटी को स्कूल में 14 फरवरी को वार्षिकोत्सव था। बेटी वार्षिकोत्सव में हिस्सा लेने अपने भाई के साथ गई थी। भाई तो वापस आ गया, जबकि बेटी नहीं आई। शाम तक जब बेटी घर नहीं आई, तो हम लोग उसे ढूंढते हुए स्कूल गए। लेकिन, वह वहां भी नहीं मिली। लेकिन, बेटी की साइकिल स्कूल में खड़ी थी। जानकारी करने पर पता चला कि बेटी अपनी सहेलियों के साथ जाती देखी गई थी। लोगों ने जिस सहेली का नाम बताया, उससे स्कूल के मैनेजर ने मोबाइल पर बात की। पहले तो उसने मना किया, लेकिन बाद में कहा कि मेरी बेटी उनके ही घर पर है। बेटी को बाइक से घर तक छोड़ गए
इसके बाद बेटी की सहेलियों का भाई, अपने पिता और मां के साथ दो बाइक से मेरे घर आया। उन लोगों के साथ मेरी बेटी भी थी। बेटी की हालत सही नहीं थी। वह नशे में थी, लड़खड़ा रही थी। पूछने पर सहेलियों के पिता और भाई बिना कुछ बताए ही चले गए। बेटी को काफी देर बाद होश आया। तब उसने बताया कि स्कूल से उसकी सहेलियां अपहरण करके अपने घर ले गई थीं। उन्होंने कोल्डड्रिंक में कोई नशीली चीज पिला दी। फिर नशे की हालत में घर में बंधक बनाकर रखा। सहेली के भाई ने नशे की हालत का फायदा उठाते हुए बेटी से रेप किया। उसके माता-पिता माता ने यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। सहेलियां भी कह रही हैं कि अगर किसी को कुछ बताया तो तेरा अश्लील वीडियो वायरल कर देंगे। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की
पीड़ित छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसकी दो बहनों और माता-पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी उम्र 22 साल है। वह टाइल्स लगाने का काम करता है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके माता-पिता फरार हैं। दोनों नाबालिग बहनें भी घर पर नहीं हैं। सभी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीड़ित छात्रा का मेडिकल कराया गया है। वहीं, इस घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। ———————— ये खबर भी पढ़ें SDM ने महिला से पेट्रोल की बोतल छीनकर फेंकी, बागपत कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश बागपत कलेक्ट्रेट में सोमवार को एक परिवार के 4 लोगों ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने खुद पर पेट्रोल डालने का प्रयास किया, SDM और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। उनके हाथ से पेट्रोल की भरी बोतल छीनकर दूर फेंक दी। पूरी खबर पढ़ें