जौनपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद प्रिया सरोज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो 19 जनवरी को केराकत विधानसभा क्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का है, जहाँ प्रिया सरोज मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थीं। वीडियो में एक समर्थक मंच पर उनके पास आकर बैठता हुआ दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि समर्थक ने पहले सांसद के पैर छुए और फिर उनके कान में कुछ कहा। सांसद ने उसे दूर बैठने के लिए कहा, लेकिन समर्थक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीछे बैठे एक अन्य व्यक्ति ने भी उसे उठने का इशारा किया। इस घटनाक्रम को किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इस संबंध में सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि वह व्यक्ति पार्टी का कार्यकर्ता था और उनसे कुछ कह रहा था। उन्होंने असहज महसूस करने की बात से इनकार किया है। प्रिया सरोज देश की सबसे युवा महिला सांसदों में से एक हैं। उन्होंने 25 वर्ष की आयु में मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया है। वह एक राजनीतिक परिवार से संबंध रखती हैं; उनके पिता तूफानी सरोज तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में विधायक हैं। प्रिया सरोज का जन्म वाराणसी में हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय और एमिटी विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। राजनीति में आने से पहले, प्रिया सुप्रीम कोर्ट में वकील के तौर पर कार्यरत थीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने उन्हें उनके पिता के स्थान पर एक मजबूत उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा था। हाल ही में प्रिया सरोज ने क्रिकेटर रिंकू सिंह के साथ सगाई की है। इस सगाई समारोह में अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।