सिद्धार्थनगर में दबंगों ने अमीन को पीटा, VIDEO:बैंक कर्ज नहीं चुका पाने पर संपत्ति कुर्क करने पहुंची थी राजस्व टीम

सिद्धार्थनगर में सरकारी कार्य में बाधा डालने और संग्रह अमीन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बकाया वसूली के दौरान दो युवक संग्रह अमीन के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद खेत में ही मुख्यमंत्री योगी-प्रधानमंत्री मोदी का नारा लगाते हुए पिटाई की। जिसका वीडियो सामने आया है। मामला नौगढ़ तहसील के मोहाना थाना क्षेत्र में रोहूडीला गांव का है। जानकारी के अनुसार नौगढ़ तहसील के संग्रह अमीन मुकेश भारती नायब तहसीलदार सदर और अन्य कर्मचारियों के साथ ग्रामीण बैंक की मोहाना शाखा से जुड़े बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करने पहुंचे थे। पढ़िए पूरा मामला… मंगलवार को नौगढ़ तहसील के रोहूडीला गांव में संग्रह अमीन मुकेश भारती नायब, तहसीलदार सदर और अन्य कर्मचारियों के साथ ग्रामीण बैंक से जुड़े बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने पहुंचे थे। जिसमें रोहूडीला गांव निवासी अनिल यादव और अखिलेश यादव पर बैंक का लगभग 5.50 लाख रुपए बकाया था। राजस्व विभाग द्वारा इसी बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई की जा रही थी। खेत की कुर्की शुरू होते ही दोनों आरोपी उग्र हो गए। आरोप है कि उन्होंने संग्रह अमीन मुकेश भारती के साथ गाली-गलौज की और डंडों व घूंसे से मारपीट कर सरकारी कार्य में जानबूझकर बाधा डाली। वीडियो में घटना का पूरा दृश्य साफ तौर पर देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। लेकिन आरोपी लगातार हमला करते रहे। घटना के बाद संग्रह अमीन मुकेश भारती की तहरीर पर मोहाना थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना को लेकर राजस्व विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों का कहना है कि वे शासन के निर्देश पर वैधानिक कार्य करते हैं। लेकिन इस तरह की घटनाएं उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया- अमीन की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।