सिद्धार्थनगर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। रविवार शाम पोस्टमॉर्टम से शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने इटवा–बढ़या मार्ग पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग तीन घंटे तक सड़क पूरी तरह जाम रही। मामला मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव का है। वहीं संतोष गुप्ता के परिवार के लोग की एक ही मांग थी। मृतक की पत्नी सुनैना को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। स्थिति तनावपूर्ण होती देख मौके पर कई थाना क्षेत्रों की पुलिस और भारी बल तैनात किया गया। ग्रामीणों की संख्या लगातार बढ़ती रही और सड़क पर हजारों की भीड़ उमड़ आई। यह वही मामला है, जिसमें एक ही मौत पर दो अलग-अलग कथाएं सामने आई हैं। मृतक के पिता आज्ञाराम गुप्ता का आरोप है कि उनकी बहू सुनैना ने पति को जहर देकर हत्या की। वहीं, पत्नी सुनैना का कहना है कि पति के चचेरे ससुर पक्ष- डेबई, विनोद, अजय और लल्लू ने ही शराब में जहर मिलाकर संतोष की हत्या की। आज्ञाराम का कहना है कि पति–पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से लगातार विवाद चल रहा था। कई बार मामला थाने तक पहुंचा। बहू अक्सर मायके में रहती थी। उनका आरोप है कि घरेलू कलह से नाराज होकर सुनैना ने जहर दिया। दूसरी ओर, सुनैना का कहना है कि शनिवार शाम करीब 7 बजे चारों आरोपी संतोष को अपने साथ ले गए थे और उन्होंने शराब में जहर मिलाया।उसका यह भी दावा है कि चार महीने पहले उन्हीं लोगों ने धमकी दी थी- “जहर दे देंगे।” चाचा ने लगाया प्रेम-प्रसंग का आरोप मृतक के चाचा दिलीप गुप्ता ने कहा कि संतोष की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी कारण उसे जहर देकर मार दिया गया। रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर भी दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। जिसे पुलिस ने किसी तरह शांत कराया। लेकिन जैसे ही शव गांव पहुंचा, माहौल फिर बिगड़ गया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जिससे कई घंटे तक वाहन और एम्बुलेंस फंसे रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थाने के प्रभारी और क्षेत्राधिकारी इटवा सुबेन्दु सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ सुबेन्दु सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी सुनैना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की जांच में साक्ष्य, मेडिकल रिपोर्ट और FSL रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों के आरोप गंभीर हैं। प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी सामने आई है कि मृतक ने स्वयं जहर लिया हो, पर वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।