कानपुर में हिस्ट्रीशीटरों ने कार चढ़ाकर बुजुर्ग को मारने की कोशिश की। परिवार वालों ने विरोध किया तो उनसे भी मारपीट की, गला दबाकर धमकाया। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों से भी गाली-गलौज की। इसका CCTV भी सामने आया है। मामला साउथ सिटी का है। पुलिस ने पांच के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। एक आरोपी हर्ष द्विवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले हिस्ट्रीशीटर और कॉन्स्टेबल के बेटे मनोज सिंह ने अपने गैंग के साथ जमकर उत्पात मचाया था। उसने बर्रा के एक मैगी प्वाइंट पर फायरिंग भी की थी और मौके से फरार हो गए थे। 2 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार ढंग से पूरा मामला समझ लीजिए… मैगी प्वाइंट पर फायरिंग, युवती के वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
बर्रा के जूही कला के बीरा मैगी प्वाइंट पर शुक्रवार (14 नवंबर) देर रात फायरिंग हुई थी। इसके बाद शनिवार रात मिडनाइट होटल के बाहर मदद की गुहार लगाती नशे में धुत एक युवती का भी वीडियो वायरल हुआ था। युवती ने सहेली और उसके साथियों पर जबरन शराब पिलाकर गलत काम करने के प्रयास का आरोप लगाया था। दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस टीम हरकत में आई और कई इलाकों के मैगी प्वाइंट और होटलों में छापेमारी की। जूही कला डब्ल्यू ब्लॉक स्थित बीरा मैंगी प्वाइंट पर पुलिस टीम पहुंची तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। ग्राहकों से झगड़े के आरोप में दुकान संचालक बर्रा-दो निवासी राजा कुशवाहा, बृजेश कुशवाहा और सचान चौराहा निवासी देवेंद्र कुमार उर्फ हिमांशु को पकड़कर थाने ले आई। इसके बाद यादव मार्केट के पीछे और जरौली स्थित मिड नाइट होटल में छापेमारी की। होटल के मैनेजर कानपुर देहात के मंगलपुर निवासी निशांत सिंह और फतेहपुर के चांदपुर निवासी अर्पित को पकड़ पुलिस थाने ले आई। पांचों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करके 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। फायरिंग के अगले दिन बुजुर्ग पर कार चढ़ाने की कोशिश
मैगी प्वाइंट पर मारपीट और फायरिंग करने के बाद मनोज सिंह और उसका गैंग मौके से फरार हो गया था। शनिवार यानी 15 नवंबर को तड़के बर्रा 5 के रहने वाले विक्रम सिंह अपने घर के बाहर मॉर्निंग वॉक करने निकले थे। तभी एक तेज रफ्तार कार उनके पास से निकली। उन्होंने चिल्लाकर विरोध जताया। इतने में कार सवार युवक यू टर्न लेकर उनके पास आ गए। कार से करीब 5-6 लोग उतरे और विक्रम की गर्दन पकड़ ली। हिस्ट्रीशीटरों ने अपना नाम बताकर धमकाया और मारपीट की। शोर सुनकर बचाव के लिए परिवार के साथ आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकले। तभी आरोपियों ने पथराव कर दिया। कार से भागने लगे। इस दौरान आरोपी चालक ने वहां खड़े सभी लोगों को कुचलने की भी कोशिश की। दबंग यहीं नहीं रूके आगे जाने के बाद दोबारा से कार चढ़ाने की कोशिश की। बर्रा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा- सीसीटीवी फुटेज से कार सवारों की पहचान की गई है। इसमें हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह, उजाला ठाकुर, हर्ष द्विवेदी, विकास व दो अन्य के रूप में हुई है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सेन पश्चिम पारा के रहने वाले हर्ष द्विवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। आरोपी हर्ष पर 9 FIR, खुलेगी हिस्ट्रीशीट
सेन पश्चिम पारा के रहने वाले आरोपी हर्ष द्विवेदी पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बर्रा, गोविंदनगर, बिधनू, सेन, पश्चिम पारा और नौबस्ता थाने में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे हैं। उसके खिलाफ सैन पश्चिम पारा से गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई हो चुकी है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए हैं। ——————-
ये खबर भी पढ़ें
जाट मुर्दाबाद के नारे लगवाने के लिए न्यूड कर पीटा; आगरा में पीड़ित बोला- मुझे उठाकर ले गए, वीडियो बनाया, विरोध पर भाई को मार डाला अलीगढ़ में शादी समारोह में दूल्हे के भाई की पीट-पीटकर हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी हमलावरों ने इंस्टाग्राम पर रील बनाकर लाइक और फॉलोअर बढ़ाने के लिए विवाद की शुरुआत की। शादी में आए दूल्हे के चचेरे भाई को अगवा किया। उसे गांव में लेकर गए। उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाए। पढ़िए पूरी खबर