सिलेंडर फटने से दुकान में आग, दुकानदार की मौत:पसवाड़ा में हादसा, लाखों का सामान जलकर राख

मेरठ में परीक्षितगढ़ के पसवाड़ा गांव में सोमवार शाम एक दुकान में सिलेंडर फटने से आग लग गई। इस हादसे में दुकान के मालिक योगेंद्र सिंह (75) की जलकर मौत हो गई। दुकान में रखा सारा सामान और नकदी भी जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, योगेंद्र सिंह गांव में ही एक कमरे में दुकान चलाते थे और वहीं रहते व खाना भी बनाते थे। सोमवार शाम जब वह खाना बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर से आग निकली और देखते ही देखते पूरी दुकान में फैल गई। योगेंद्र आग की चपेट में आ गए। आग लगने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीएचसी ले आई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक योगेंद्र सिंह की उम्र करीब 75 साल थी। योगेंद्र का एक बेटा सुमित है, जो अपनी मां राजेश्वरी और तीन बहनों के साथ मेरठ में रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, योगेंद्र ने करीब 30 साल पहले संन्यास ले लिया था और घर छोड़कर चले गए थे। बाद में जब वह लौटे, तो परिजनों से उनकी अनबन हो गई। इसके बाद सुमित अपनी मां और बहनों को लेकर मेरठ चला गया। सुमित मेरठ में एक कंपनी में नौकरी करता है और उसने अपनी बहनों की शादी भी कर दी है। वह अपनी मां राजेश्वरी के साथ मेरठ में ही रहता है। ग्रामीणों ने फोन पर सुमित को घटना की सूचना दे दी है। थानाध्यक्ष सुदीश सिंह सिरोही ने बताया कि योगेंद्र के बेटे को सूचना दे दी गई है। आग से दुकान में रखा सभी सामान और नकदी जलकर राख हो गई है।