सीएमओ कार्यालय के क्लर्क के खाते से निकाले 47 हजार:मोबाइल पर ‘योनो एसबीआई’ के नाम से भेजा लिंक, क्लिक करते ही निकली रकम

बिजनौर में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर एक बैंक उपभोक्ता को अपना शिकार बनाया है। शहर कोतवाली क्षेत्र में सीएमओ कार्यालय में कार्यरत एक लिपिक के खाते से फर्जी संदेश के जरिए 47,512 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोविंद पुरम आवास विकास निवासी नितिन कुमार गौड़ सीएमओ कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात हैं। 9 दिसंबर 2025 की शाम 4:46 बजे उनके मोबाइल पर ‘योनो एसबीआई’ के नाम से एक एसएमएस आया। इस संदेश में एक लिंक दिया गया था। नितिन ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनसे यूजरनेम और नेट बैंकिंग पासवर्ड मांगा गया। विवरण भरते ही कुछ देर बाद उनके खाते से 47,512 रुपये का अनधिकृत लेनदेन हो गया। ठगी का पता चलते ही नितिन ने तुरंत साइबर सेल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।