सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में भाजपा के मानपुर मंडल उपाध्यक्ष अजित शुक्ला (30) की मौत हो गई। मंगलवार समय करीब 7:00 बजे को अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। यह घटना मानपुर से अमझला होते हुए महमूदाबाद जाने वाली नहर पटरी पर हुई। अमझला से कुछ दूरी पर स्थित सरांय गांव और ग्राम पंचायत टिकरा के सकरापुर गांव के बीच अज्ञात वाहन ने अजित शुक्ला की बाइक में टक्कर मारी। उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जो मौत का कारण बनीं। अजित शुक्ला, पुत्र राकेश शुक्ला, मानपुर मंडल में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और उपाध्यक्ष थे। वह रेडीको खेतान फैक्ट्री में कार्यरत थे और मंगलवार को काम से घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। उनके परिवार में पत्नी और बच्चे हैं। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष अरविंद वर्मा ने मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।