सीतापुर में कोहरे के कारण ट्रैक्टर खाई में पलटा:पिकअप को साइड देते समय हादसा, जेसीबी से निकाला बाहर, चालक गंभीर घायल

सीतापुर में घने कोहरे और तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पिसावा थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा वजीरनगर रोड पर पीसीएफ केंद्र के सामने उस समय हुआ, जब ट्रैक्टर चालक एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन को साइड देने का प्रयास कर रहा था। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक अजय कुमार निवासी पिसावा कुतुबनगर से भगवानपुर की ओर ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। रात में कोहरा काफी घना था, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप को ओवरटेक के लिए साइड देने के प्रयास में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पलटते ही चालक अजय कुमार उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल चालक को स्थानीय लोगों की मदद से पहले नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में घायल चालक का इलाज जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रैक्टर खाई में पलटने से वजीरनगर रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से खाई में पलटे ट्रैक्टर को बाहर निकलवाने का कार्य शुरू किया, ताकि सड़क पर यातायात सामान्य किया जा सके। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण घना कोहरा और तेज रफ्तार पिकअप वाहन को साइड देने के दौरान संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।