सीतापुर में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत:एक ही बाइक पर सवार दो गंभीर घायल, चालक वाहन समेत फरार

सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तंबौर-रेउसा मार्ग पर गोंधिया गांव के पास हुआ। हादसे के दौरान मृतक और घायल तीनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुर्ताहिय निवासी रामेंद्र कुमार (24 वर्ष) पुत्र बुद्धा अपने घर में सोलर चक्की लगवा रहे थे। चक्की लगाने का कार्य मिस्त्री अजित कुमार और शिवा कर रहे थे। शुक्रवार की देर शाम रामेंद्र, मिस्त्री अजित कुमार और शिवा को अपनी मोटरसाइकिल से तंबौर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान जब वे तंबौर-रेउसा रोड पर गोंधिया के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामेंद्र और शिवा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से तंबौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ब्रजेश राय ने बताया कि मृतक अजित कुमार और घायल दोनों युवकों की पहचान हो गई है। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है।