सीतापुर में पुलिस ने पकड़ी यूरिया लदी पिकअप:चेकिंग के दौरान कागजात न मिलने पर कार्रवाई, 70 बोरी खाद थी

सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम केशरी गंज में रविवार देर शाम खाद की अवैध ढुलाई पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यूरिया खाद से लदी एक पिकअप को जांच के लिए रोका। संतोषजनक उत्तर और आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत न कर पाने पर पिकअप को कोतवाली लाकर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया गया। जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम तहसील मार्ग की ओर से आ रही एक पिकअप वाहन, जिसमें करीब 70 बोरी यूरिया खाद लदी हुई थी, को केशरी गंज चौकी प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने नियमित चेकिंग के दौरान रोका। जांच के दौरान पिकअप चालक से खाद से संबंधित वैध दस्तावेज, बिल एवं परमिट मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव और खाद की संदिग्ध ढुलाई को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिकअप को कोतवाली लहरपुर ले जाकर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। इस संबंध में केशरी गंज चौकी प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि पिकअप में लदी यूरिया खाद की जांच की जा रही है। खाद की मात्रा, स्रोत और गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी और अवैध ढुलाई को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।