सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बंगलीपुरवा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते बुधवार शाम एक युवक ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार बंगलीपुरवा निवासी गुड्डू अपने परिवार के साथ घर में थे, तभी किसी बात को लेकर उनके पुत्र अभिषेक का उनसे विवाद हो गया। गुस्से में आए अभिषेक ने घर में रखे भारी पत्थर से अपने पिता गुड्डू के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव किया। बताया जा रहा है कि आरोपी अभिषेक अपनी मां और बहन से भी नाराज था और उसने दोनों की भी पिटाई कर दी। परिजनों के अनुसार, घायल युवक गुड्डू घर में बेटी को अधिक प्यार और मान देने से नाराज था और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद करता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गुड्डू को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा है। थाना प्रभारी रामपुर मथुरा ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने के बाद उपरान्त ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि अभिषेक इस हद तक जा सकता है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और स्तब्धता का माहौल है।