सीतापुर के सिधौली कोतवाली इलाके में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिधौली लाया गया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार हादसा सिधौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोनीघाट पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि युवक शिवम दीक्षित पुत्र आनंद दीक्षित उम्र 28 वर्ष बाइक से सिधौली से संदना की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल सीएचसी सिधौली भिजवाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलने पर सिधौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।