अजीतमल में मुरादगंज ओवरब्रिज के पास शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को कार के शीशे तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। कार में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राहुल (22), पुत्र शिवराम, निवासी दाईपुर, थाना इकदिल, जनपद इटावा को मृत घोषित कर दिया। दोनो घायलों का इलाज जारी गंभीर रूप से घायल प्रतीक (20), पुत्र विजय, निवासी मोहारी को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तीसरे घायल अमन प्रताप सिंह (21), पुत्र जंतर, निवासी मोहारी का उपचार अजीतमल में जारी है। जानकारी के अनुसार, मृतक राहुल और घायल प्रतीक मौसेरे भाई हैं। दोनों युवक शुक्रवार सुबह कानपुर गए थे, वहां से शाम को एक पुरानी कार खरीदकर गांव लौट रहे थे। मुरादगंज ओवरब्रिज के पास उनकी कार आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से पीछे से टकराकर अनियंत्रित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।