सुल्तानपुर में नवनियुक्त SP पुलिस लाइन पहुंची:परेड की सलामी ली, ड्रिल का अवलोकन कर दिए आवश्यक निर्देश

सुल्तानपुर में नवनियुक्त एसपी चारू निगम ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद उसी दिन पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड पर साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली। परेड के माध्यम से उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी चारू निगम ने परेड का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, शस्त्रों की स्थिति और रख-रखाव की गहन जांच की। अनुशासन को पुलिस बल की रीढ़ बताते हुए उन्होंने टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण किया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों की सराहना की। वहीं, परेड में पाई गई कमियों को सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन्स परिसर का भ्रमण कर विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड यूनिट को घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए रिस्पॉन्स टाइम सुधारने और घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य (फोरेंसिक एविडेंस) संकलन के लिए आधुनिक उपकरणों के साथ हमेशा तैयार रहने के निर्देश दिए। इसके अलावा, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मानव तस्करी के मामलों में सतर्कता बढ़ाने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जवानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने मैस का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्द में अर्दली रूम किया। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, रजिस्टरों के नियमित अद्यतन और पुलिस लाइन्स परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।