सेन में युवती ने फांसी लगा जान दी:बहन की शादी तय होने के बाद से डिप्रेशन में थी, फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए

कानपुर के सेन पश्चिम पारा क्षेत्र के ग्राम नगवां में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 21 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सौरभ गुप्ता मय हमराह उपनिरीक्षक शिवांशी यादव एवं हेड कांस्टेबल सुरजन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मौके पर जांच के दौरान मृतिका की पहचान कुमारी दिव्या उर्फ सानू सिंह (पुत्री मनोज सिंह), निवासी ग्राम नगवां, थाना सेन पश्चिम पारा, कमिश्नरेट कानपुर नगर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार दिव्या की मां का लगभग एक वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है, जबकि पिता नशे की प्रवृत्ति के हैं और बिना बताए घर से चले गए थे। इसके बाद से दिव्या अपने छोटे भाई और बड़ी बहन के साथ चचेरे भाई प्रीतम सिंह के मकान में रह रही थी। परिवार के लोगों ने बताया कि दिव्या की बड़ी बहन का रिश्ता उन्नाव निवासी मामा द्वारा तय कराया गया था, लेकिन इस रिश्ते से दोनों बहनें सहमत नहीं थीं। दोनों ने शादी से इनकार भी किया था। इसके बावजूद मामा की ओर से जबरन शादी कराने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी मानसिक दबाव के चलते दिव्या अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई की गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सेन पश्चिम पारा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।