सोनभद्र पुलिस ने यातायात माह नवम्बर-2025 के तहत सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे 68 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए, जिन्हें यातायात माह समापन के दौरान जेसीबी से नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियंत्रण के लिए की गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस ने यातायात माह पर व्यापक अभियान चलाया। इसका मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना था। अभियान के तहत जब्त किए गए कुल 68 मॉडिफाइड साइलेंसर को अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के अंतर्गत बढौली चौराहे पर जेसीबी मशीन की सहायता से नष्ट किया गया। सोनभद्र पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सोनभद्र पुलिस ने सभी वाहन चालकों से पुनः अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में अनावश्यक परिवर्तन न करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।