सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरहुल ग्राम पंचायत में अंधविश्वास के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही बड़े भाई और भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी चोपन में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार कुरहुल गांव निवासी रामदुलारे गोड पुत्र जगदीश गोड के बेटे की कुछ दिन पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। रामदुलारे इस मौत के लिए भूत-प्रेत और टोना-टोटका को जिम्मेदार मान रहा था और उसे शक था कि उसके बड़े भाई और भाभी इसके पीछे हैं। इसी अंधविश्वास के चलते उसने देर शाम धारदार हथियार से अपने बड़े भाई और भाभी पर हमला कर दिया। हमले में घायल हुए लोगों की पहचान छोटेलाल (55) पुत्र राम सहाय और बदनीया (50) पत्नी रामजीवन के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी चोपन लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी में तैनात डॉ. आकाश ने बताया कि दोनों घायलों को धारदार हथियार से गंभीर चोटें आई हैं। छोटेलाल की पीठ के दाहिने हिस्से में और बदनीया की पीठ के बाएं हिस्से में गहरे घाव हैं। बेहतर उपचार के लिए दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। सुनील सिंह गोंड ने बताया कि ग्राम पंचायत कुरहुल में अंधविश्वास के चलते एक महिला और पुरुष पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। दोनों को घायल अवस्था में सीएचसी चोपन में भर्ती कराया गया था, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।