सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के कम्हरिया चट्टी के पास वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। मृतक की पहचान परही गांव निवासी संतोष उर्फ घमणी (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। कम्हरिया चट्टी के पास गांव की ओर मुड़ने के लिए उन्होंने राजमार्ग पर बने एक अवैध कट से डिवाइडर पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहनों की आवाज के कारण बाइक चालक ने मोटरसाइकिल रोक दी। सड़क पर ढलान होने के कारण मोटरसाइकिल संतुलन खोकर पीछे की ओर फिसलने लगी। इसी बीच वाराणसी की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष उछलकर सड़क पर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका साथी सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सुकृत चौकी प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सामान्य कराया। इसके बाद, मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।