बस्ती जिले के वाल्टरगंज-गौर मार्ग पर बहेरिया चौराहे के पास रविवार देर शाम एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गौर थाना क्षेत्र के खलवा बजहिया गांव निवासी 19 वर्षीय अमर उर्फ गोलू पुत्र सुखराम राजभर अपने परिचित शंकर चौधरी (निवासी जोगीबारी, थाना वाल्टरगंज) के साथ बाइक से जा रहे थे। बहेरिया चौराहे के निकट स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हुई। इस हादसे में अमर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर वाल्टरगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक अमर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल शंकर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है और उसका उपचार जारी है। हादसे में स्कार्पियो और मोटरसाइकिल दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष जय वर्धन सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।