स्मार्ट मीटर रिचार्ज करते ही चालू होगी बिजली:विभाग बोला, 2 घंटे बाद भी न जुड़े तो 1912 पर करें कॉल

उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटरिंग के चलते उपभोक्ताओं के पावर कट की समस्या को लेकर विभाग ने सफाई पेश की है। विभाग का दावा है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म होते ही बिजली अपने आप कट जाती है और रिचार्ज करते ही ज्यादातर मामलों में कुछ ही मिनटों में वापस चालू हो जाती है। आरडीएसएस योजना के तहत चल रही इस व्यवस्था में 95 प्रतिशत से ज्यादा केस में रिचार्ज के तुरंत बाद कनेक्शन जुड़ जाता है। अगर किसी कारण 2 घंटे बाद भी बिजली न चालू हो तो सीधे 1912 पर कॉल करें। विभाग की सलाह बैलेंस ज्यादा रखें उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के निदेशक (वाणिज्य) प्रशांत वर्मा ने कहा कि रिचार्ज कराने के बाद बिजली आने में थोड़ा विलंब हो तो घबराएं नहीं। बैलेंस हमेशा ज्यादा रखें तो ऐसी समस्या कभी नहीं आएगी। रिचार्ज करते समय हमेशा निगेटिव बैलेंस से ज्यादा राशि डालें। क्योंकि 10-25% राशि पुराने बकाए में भी समायोजित हो सकती है। पोस्टपेड से प्रीपेड में बदलने पर पुरानी सिक्योरिटी भी बकाए में एडजस्ट हो जाती है। उन्होंने स्मार्ट की खूबियां भी बताई।