हत्या करके छत पर चढ़ा, फिल्मी स्टाइल में हाथ फैलाए:प्रतापगढ़ में पुलिस से बोला- मुझे मारने दौड़ा तो गोली चला दी

प्रतापगढ़ में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी वारदात के बाद पास के एक मकान की छत पर चढ़ गया। लोगों ने उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपी ने फिल्मी स्टाइल में अपने दोनों हाथ फैला दिए। बोला- ये मुझे मारने दौड़ा तो मैंने तमंचे से गोली चला दी। और मैं क्या ही करता? दोनों दिल्ली में ट्रक चलाते थे। वहां पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच 45 मिनट तक शव सड़क पर पड़ा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से एक देसी तमंचा भी बरामद हुआ। मामला सांगीपुर थाना क्षेत्र का है। अब पूरा मामला विस्तार से… उधरनपुर का रहने वाला मो. तशकील रविवार को दिल्ली से शादी में शामिल होने के लिए घर पहुंचा था। वह दिल्ली में ट्रेवल्स का काम करता था। सोमवार की शाम 5 बजे अपने घर से कमयनपुर बाजार में खरीदारी के लिए निकला। वहां पर असावा गांव का रहने वाला अमान घात लगाकर तशकील का इंतजार कर रहा था। तशकील के पहुंचते ही अमान कुरैशी उसके सामने आ गया। उसने दिल्ली में हुए झगड़े की बात उठा दी। दोनों के बीच बहस होने लगी। इस बीच अमान ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली तशकील के सीने में जा लगी। उसकी सड़क पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। मुझे मारा था तो मैंने भी गोली चला दी
बाजार में गोली की आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। अमान 200 मीटर दूर विनोद सोनी के घर की तीसरी मंजिल पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने उसके घर का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसे घेर लिया। छत पर चढ़कर आरोपी ने अपने दोनों हाथ फैला दिए। चिल्लाते हुए कहा- इसने पहले भी मुझे मारा था। आज फिर मारने दौड़ा तो मैंने तमंचे से गोली मार दी। 45 मिनट तक सड़क पर पड़ी रही लाश
इस बीच 45 मिनट तक तशकील की लाश सड़क पर पड़ी रही। स्थानीय लोगों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस पहले घेराबंदी की। इसके बाद धीरे-धीरे छत पर पहुंची। आरोपी अमान कुरैशी को भरोसे में लेकर उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी तमंचा भी बरामद किया। लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा और सांगीपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र त्रिपाठी भी फोर्स के साथ रहे। पुराने झगड़े का बदला लेने में की हत्या
एडिशनल एसपी बृजनंदन राय ने कहा- आरोपी और मृतक दिल्ली में नौकरी करते थे। वहां दोनों का झगड़ा हुआ था। कुछ दिन पहले दोनों गांव आए थे। उसी रंजिश को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया।मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।​​​ पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
—————
ये खबर भी पढ़ें…
स्कॉर्पियो ओवरटेक करने को लेकर विवाद, शादी से लौट रहा था; SI समेत 5 गिरफ्तार
प्रयागराज में सेना के एक जवान को दरोगा और उसके साथियों ने पीट-पीटकर मार डाला। स्कॉर्पियो ओवरटेक करने को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद दरोगा और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से सेना के जवान को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। इसमें सेना का जवाल खून से लथपथ हो गया। इस बीच दरोगा और उसके साथी भाग गए। सूचना पर पहुंचे घरवालों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल जवान को सेना के अस्पताल भेज दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। जवान के पिता की शिकायत पर दरोगा समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…