हमीरपुर जिला उद्योग कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन और पत्रावली निस्तारण के नाम पर अवैध वसूली के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर सहायक आयुक्त उद्योग एवं प्रभारी उपायुक्त उद्योग रवि वर्मा, सहायक प्रबंधक संतोष राव और जिला प्रबंधक मिलन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी हमीरपुर की दो सदस्यीय जांच समिति की आख्या के आधार पर की गई है। समिति का गठन विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किया गया था। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि अधिकारियों की आपसी मिलीभगत से ऑनलाइन आवेदन कराने, फाइलों के निस्तारण और सब्सिडी दिलाने के नाम पर अवैध रूप से धन की वसूली की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में भ्रष्टाचार के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद समिति ने कठोर कार्रवाई की संस्तुति की थी। इसके बाद शासन ने तीनों अधिकारियों को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मामले से उद्योग विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।