हरदोई की CDO सान्या छाबड़ा और CVO डॉ. अशोक सम्मानित:गोवंश संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान

हरदोई में निराश्रित गोवंश संरक्षण और आश्रय प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्रीमती सान्या छाबड़ा और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. अशोक कुमार को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘गोधन समागम-2026’ में पशुधन मंत्री श्री धर्मपाल सिंह एवं अपर मुख्य सचिव श्री मुकेश मेश्राम द्वारा प्रदान किया गया। सीडीओ श्रीमती सान्या छाबड़ा के कुशल नेतृत्व में जनपद ने गौ-संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनके निर्देशन में जिले के 375 गोवंश आश्रय स्थलों में 1277 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। इनकी ब्लॉक स्तर तक रीयल-टाइम मॉनीटरिंग सुनिश्चित की गई, जिसे शासन ने पूरे प्रदेश के लिए एक ‘आदर्श’ मॉडल बताया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते जनपद के 358 आश्रय स्थलों के लिए समय पर फंड रिक्वेस्ट भेजी गईं। साथ ही, 662.76 हेक्टेयर चारागाह भूमि को हरे चारे से आच्छादित करने का लक्ष्य भी प्राप्त किया गया। इस अवसर पर गौशाला संचालक श्री धीरेन्द्र सिंह ‘सेनानी’ को भी उनके जमीनी सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। सीडीओ के मार्गदर्शन में अब जनपद के प्रत्येक विकास खंड में एक ‘मॉडल गौशाला’ और एक ‘नन्दी गौशाला’ बनाई जा रही है। अपर मुख्य सचिव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरदोई का यह प्रबंधन गौशालाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सम्मान ने जनपद के विकास और पशुपालन विभाग के मनोबल को नई ऊँचाई दी है।