हरदोई में खाई में गिरी बाइक, चालक की मौत:सिर में आई चोट, दोस्त के साथ लौट रहे थे, एक गंभीर घायल

हरदोई के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय बाइक चालक गुलज़ार (पुत्र इंतज़ार, निवासी पाली) की मौत हो गई। यह घटना बरसोहिया गांव के पास हुई, जब उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, गुलज़ार अपने दोस्त शैलेंद्र (पुत्र फूलसिंह, निवासी पाली) के साथ हरपालपुर आए थे। देर शाम दोनों वापस लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल गुलज़ार को तत्काल सीएचसी हरपालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दुर्घटना में गुलज़ार को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। मृतक गुलज़ार अपने पीछे पत्नी रूबी बेगम, तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गुलज़ार मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।