हरदोई में युवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या:पत्नी और ससुराल वालों से विवाद के चलते था परेशान, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में 22 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गोमती नदी के किनारे एक पेड़ से लटका मिला। यह घटना बुधवार रात की है। मृतक की पहचान अंकुल पुत्र सतपाल के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था। परिजनों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद रात करीब 10 बजे उसका शव गोमती नदी के किनारे एक पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर प्रताप नगर चौकी प्रभारी दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मृतक के पिता सतपाल ने बताया कि बुधवार रात अंकुल ने अपने ससुराल वालों से बात की थी। उनका आरोप है कि ससुराल वालों की किसी बात से नाराज होकर अंकुल घर से चला गया था। परिजनों के अनुसार, अंकुल अपनी पत्नी से भी नाराज था। अंकुल की शादी लगभग छह महीने पहले हुई थी। मृतक अंकुल दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है। चौकी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों ने अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। बेनीगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सरोज ने कहा कि यदि पारिवारिक सदस्यों द्वारा अवैध संबंध या किसी अन्य प्रकार की शिकायत मिलती है, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।