हरदोई में युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा:पत्नी के मायके से न लौटने पर नाराज था, पुलिस ने समझाकर उतारा

हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के सथरा गांव में रविवार को एक युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। कुलदीप यादव नामक यह युवक अपनी पत्नी के मायके से वापस न आने से परेशान था। इस घटना के कारण करीब चार घंटे तक पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सथरा मजरा बांसा निवासी कुलदीप यादव की पत्नी संजू यादव लगभग एक माह पहले नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। कई प्रयासों के बावजूद जब वह वापस नहीं लौटी, तो कुलदीप तनाव में आ गया। रविवार दोपहर वह अचानक टावर पर चढ़ गया और पत्नी को वापस बुलाने की मांग करने लगा। परिजनों के समझाने के बावजूद वह नीचे नहीं उतरा और उसने आत्महत्या की धमकी भी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल शिवाकांत पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने कुलदीप की पत्नी संजू से मोबाइल पर संपर्क साधा और उससे बात कराई। पत्नी संजू ने जल्द वापस आने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कुलदीप टावर से नीचे उतरा। कुलदीप के पिता सुबोध ने बताया कि कुलदीप और संजू की शादी दो साल पहले हुई थी और उनकी एक साल की बच्ची भी है। उन्होंने यह भी बताया कि कुलदीप शराब पीने का आदी है, और इसी आदत से परेशान होकर संजू मायके चली गई थी। कोतवाल पांडेय ने पुष्टि की कि घटना के समय युवक नशे की हालत में था। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से गांव में काफी देर तक तनाव और चिंता का माहौल बना रहा।