बरेली के सर्किट हाउस चौराहा, सिविल लाइंस के रहने वाले सुनील कुमार गोयल के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सुनील गोयल ‘रामा श्यामा पेपर्स प्रालि.’ के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा की फर्म ‘मैसर्स पैक एन पैक प्रालि.’ के डायरेक्टर संदीप गर्ग, वंश गर्ग और ध्रुव कुमार गर्ग ने उनसे संपर्क कर क्राफ्ट पेपर की मांग की थी। शुरुआत में लेनदेन सही चला, जिससे सुनील का उन पर भरोसा बढ़ गया। इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपियों ने 50 लाख 89 हजार 900 रुपये का माल मंगा लिया और भुगतान नहीं किया। एलसी देने के नाम पर किया गुमराह व्यापारी का आरोप है कि आरोपियों ने दो-चार दिन में एलसी (Letter of Credit) देने का वादा कर भारी मात्रा में क्राफ्ट पेपर की सप्लाई ली थी। माल पहुंचने के बाद जब सुनील ने भुगतान या एलसी मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। शक होने पर जब सुनील ने जांच पड़ताल की, तो पता चला कि आरोपियों का एलसी खाता पहले ही सीज हो चुका है। यानी उन्होंने जानबूझकर धोखाधड़ी की नीयत से माल मंगवाया था। हरियाणा जाकर मिला अपमान और धमकी जब पीड़ित व्यापारी अपने बकाया पैसे वसूलने के लिए हरियाणा स्थित आरोपियों की फर्म पर पहुंचे, तो वहां स्थिति और बिगड़ गई। पैसे देने के बजाय आरोपियों ने सुनील कुमार गोयल के साथ गाली-गलौज की और उन्हें वहां से भगा दिया। आरोपियों ने उन्हें दोबारा पैसे मांगने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश इस धोखाधड़ी से परेशान होकर पीड़ित ने कोतवाली पुलिस की शरण ली। पुलिस ने सुनील कुमार गोयल की तहरीर पर आरोपी संदीप गर्ग, वंश गर्ग और ध्रुव कुमार गर्ग के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।