हर्ष-फायरिंग में युवती की मौत, घोड़ी से उतरकर दूल्हा भागा:शादी में भी नहीं पहुंचा; मेरठ में छत से बारात देख रही थी

मेरठ की एक बारात में हर्ष फायरिंग में युवती की मौत हो गई। वह छत पर खड़ी होकर बारात देख रही थी तभी उसे गोली लगी। घटना के बाद दूल्हा घोड़ी से उतर कर भागते हुए मैरिज हाल तक पहुंचा। लेकिन पुलिस को वहां देख वह पीछे के रास्ते से फरार हो गया। दुल्हन शादी के जोड़े में बैठी ही रह गई। घटना सोमवार रात श्यामनगर के 20 फुटा रोड की है। मृतक युवती की पहचान अफशां (20) के रूप में हुई है। उसी मोहल्ले के ही हाजी शाहनवाज के बेटे सुहेल की शादी सोहराब गेट के रहने वाले हाजी इस्लाम की छोटी बेटी से होनी थी। पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को अरेस्ट किया है। दूल्हे समेत 3 लोगों के खिलाफ नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। 3 तस्वीरें देखिए… खबर में आगे बढ़ने से पहले भास्कर पोल पर राय दीजिए… अब पूरा मामला विस्तार से… लिसाड़ी गेट के श्याम नगर के 20 फुटा रोड के रहने वाले हाजी शाहनवाज के बेटे सुहेल का सोमवार को निकाह था। रात करीब 10 बजे बारात हापुड़ रोड के किंग पैलेस जा रही थी। तमाम लोग अपने-अपने घरों से बारात देख रहे थे। मोहल्ले में ही किराना की दुकान चलाने वाले अरशद की बेटी अफशां अपने दादा इकबाल के साथ छत पर खड़ी थी। वह बारात देख रही थी। डीजे पर डांस चल रहा था। इसी दौरान बारात में कुछ युवक हर्ष फायरिंग करने लगे। अचानक से एक गोली छत पर खड़ी अफशां के पेट में जा घुसी। गोली लगते ही वह गिर पड़ी। दादा इकबाल ने चिल्लाते हुए घरवालों को आवाज लगाई। घर वाले दौड़ते हुए पहुंचे तो अफशां खून से लथपथ पड़ी थी। भाई बाइक से बहन को लेकर अस्पताल पहुंचा पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने तुरंत बाइक स्टार्ट की। भाई अब्दुल समद खून से लथपथ बहन को गोद में लेकर पीछे बैठा। दोनों अफशां को लेकर केएमसी अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बेटी की मौत से अस्पताल में परिवार वालों की चीख-पुकार मच गई। अरशद और साजिदा के दो बेटे अब्दुल समद, अब्दुल अहद और चार बेटियां अफशां, निदा, अलीना और हिफ्जा हैं। अफशां इंटरमीडिएट पास थी। पुलिस के पहुंचते ही भागा दूल्हा बारात में शामिल लोगों को जैसे ही फायरिंग से युवती की मौत की जानकारी हुई। लोग इधर-उधर भागने लगे। घोड़ी पर चढ़ा दूल्हा भी उतरकर भागते हुए गेस्ट हाउस पहुंचा। उसने वहां पहले से मौजूद अपने घर वालों को घटना के बारे में बताया। इतने में पुलिस भी दूल्हे और आरोपियों को ढूंढते हुए हापुड़ रोड स्थित किंग पैलेस पहुंची। दूल्हे के घर वालों ने उसे अंदर एक कमरे में छिपा रखा था। उसे जैसे ही पुलिस के आने की खबर लगी, वह पीछे के रास्ते से भाग निकला। शादी के जोड़े में बैठी रह गई दुल्हन शाहनवाज की शादी सोहराब गेट के रहने वाले हाजी इस्लाम की छोटी बेटी से होनी थी। सोमवार को हाजी इस्लाम की दो बेटियों की शादी थी। दोनों ही बारात किंग पैलेस गेस्ट हाउस में आनी थीं। बड़ी बेटी सबा परवीन की शादी दिल्ली के मोहम्मद इब्राहिम और छोटी बेटी अलीना परवीन की शादी शाहनवाज से होनी थी। इब्राहिम और सबा का निकाह तो पढ़ा गया। लेकिन अलीना शादी के जोड़े में बैठी रह गई। दूल्हे का पूरा परिवार फरार घटना के बाद से FIR दर्ज होने के बाद शाहनवाज का पूरा परिवार फरार है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। शाहनवाज अपने पिता के साथ पोल्ट्री बिजनेस करता था। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा- श्यामनगर में हर्ष फायरिंग से युवती की मौत हो गई थी। घटना को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। गोली जिन हथियारों से चली, वे लाइसेंसी हैं या अवैध, इसकी भी जांच कराई जा रही है। —————– ये खबर भी पढ़ें…. गोरखपुर में मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या:बदमाशों ने घर में घुसकर हमला किया, प्रॉपर्टी को लेकर था विवाद गोरखपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से मां-बेटी की हत्या कर दी। सोमवार की देर शाम करीब साढ़े 9 बजे दोनों के शव घर में अलग-अलग कमरों में मिले। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस, डीआईजी और एसएसपी घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घर का मुआयना किया। डॉग स्क्वायड ने सबूत खंगाले। शुरुआती जांच के मुताबिक, प्रॉपर्टी विवाद को लेकर विवाद था। सरेशाम हुए इस डबल मर्डर से लोगों में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पढ़ें पूरी खबर…