हाईवे से गिरी ब्रेजा कार, डॉक्टर की मौत:पलटी खाते हुए 20 मीटर दूर मंदिर से टकराई, एयरबैग खुले, लेकिन जान नहीं बची

ग्रेटर नोएडा में डॉक्टर की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह ड्यूटी करके ब्रेजा कार से घर लौट रहे थे, तभी कार का संतुलन बिगड़ गया। कार हाईवे से नीचे गिर गई। एयरबैग भी खुल गए, लेकिन डॉक्टर की जान नहीं बची। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि नीचे गिरने के बाद 2-3 बार पलटी खाई। 20 फीट दूर मंदिर से टकराकर कार उलटी हो गई। धमाके की आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।तुरंत कार के अंदर फंसे डॉक्टर को निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। घटना सोमवार सुबह बादलपुर थाना क्षेत्र में NH-91 पर हुई। हादसे में कार बुरी तरह डैमेज हो गई है। पुलिस के अनुसार, डॉ. अमित कुमार की पत्नी पूनम देवी हाउसवाइफ हैं। उनकी 2 साल की एक बेटी है, जिसका नाम गुड़िया है। हादसे से जुड़ी दो तस्वीरें देखिए- अचानक कार का संतुलन बिगड़ा, हाईवे से नीचे गिरी
बादलपुर थाना प्रभारी अमित भड़ाना के अनुसार, अमित प्रसाद (42) दिल्ली के करावल नगर के रहने वाले थे। घर में मां मिथिलेश, पिता भगवत प्रसाद, पत्नी, बेटी और छोटा भाई पुनीत कुमार हैं। अमित बुलंदशहर के खुर्जा स्थित PLRD अस्पताल में डॉक्टर थे। हर शनिवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद शाम को खुर्जा से दिल्ली अपने घर आते थे। सोमवार की सुबह वह ब्रेजा कार से खुर्जा जा रहे थे। सुबह 7:30 बजे जैसे ही उनकी कार बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर बाइपास पर पहुंची, अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। कार पलटते हुए हाईवे से गिरकर मंदिर की दीवार से जा टकराई। शीशा तोड़कर डॉक्टर को बाहर निकाला धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। देखा तो डॉक्टर कार के अंदर फंसा हुआ था। फौरन पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार का शीशा तोड़कर डॉक्टर को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी। तब तक मौके पर उनकी मौत हो गई। कार की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका है कि कार चालक को नींद की झपकी आई होगी। जिसके कारण कार बेकाबू होकर पलट गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ————— ये खबर भी पढ़िए… यूपी में SIR ड्यूटी से तंग महिला टीचर का इस्तीफा:कहा- 215 फॉर्म भर दिए, अब ये काम नहीं हो पाएगा यूपी के नोएडा में SIR ड्यूटी से तंग महिला टीचर ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे में लिखा- मैंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के 215 फॉर्म फीड कर दिए हैं। अब मुझसे BLO का काम नहीं होगा, न ही पढ़ा पाऊंगी। मामला नोएडा सेक्टर-34 स्थित गेझा के उच्च प्राथमिक स्कूल का है। पढ़िए पूरी खबर…