डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हाथरस का चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ। दिन में मतदान के बाद शाम को मतगणना हुई, जिसके नतीजे देर रात घोषित किए गए। इस चुनाव में दिनेश बंसल एडवोकेट अध्यक्ष पद पर और विनोद कुमार शर्मा एडवोकेट सचिव पद पर निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अजय भारद्वाज एडवोकेट को 171 मत, दिनेश बंसल एडवोकेट को 253 मत और पवन कुमार शर्मा एडवोकेट को 195 मत प्राप्त हुए। एक मत निरस्त होने के बाद दिनेश बंसल एडवोकेट को अध्यक्ष घोषित किया गया। सचिव पद पर ललित कुमार ‘उपमन्यु’ एडवोकेट को 267 मत और विनोद कुमार शर्मा ‘बंटी’ एडवोकेट को 343 मत मिले। 10 मत निरस्त होने के बाद विनोद कुमार शर्मा एडवोकेट ने सचिव पद पर जीत हासिल की। सह-सचिव प्रथम पद पर प्रियंक पुण्डीर एडवोकेट ने 397 मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि संजय वाष्र्णेय एडवोकेट को 220 मत मिले। सह-सचिव द्वितीय पद पर भूपेन्द्र प्रताप सिंह एडवोकेट 413 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए, उन्होंने सुरेन्द्र सिंह एडवोकेट (198 मत) को हराया। कोषाध्यक्ष पद पर अखिलेश कुमार ‘प्रेमी’ एडवोकेट ने 337 मतों के साथ जीत हासिल की, जबकि गोविन्द शरण गोस्वामी एडवोकेट को 282 मत प्राप्त हुए। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अंकेक्षक पद हेतु प्रवीन कुमार ‘पिंटू चौधरी’ एडवोकेट को कमेटी द्वारा मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार शर्मा एडवोकेट, कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम भगवती प्रसाद बघेल एडवोकेट, कनिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय ममता कौशिक एडवोकेट, और सह-सचिव तृतीय दीपक कुमार लवानियां एडवोकेट को चुनाव संचालन समिति द्वारा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान न्यायालय परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। मुख्य चुनाव अधिकारी अजय किशोर अरोड़ा और चुनाव अधिकारीगण दिगम्बर सिंह सिसोदिया, दिनेश कुमार देशमुख, ठा० रवेन्द्रपाल सिंह, अजय कुमार गुप्ता एडवोकेट, प्रवीन कुमार उर्फ पिंटू चौधरी एडवोकेट, कृष्णकान्त शर्मा मौजूद रहे।चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया और नृत्य किया।