हाथरस में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटलों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। इसका उद्देश्य जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना था। रविवार की देर शाम हुए इस गश्त में थाना कोतवाली नगर, थाना हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक, प्रभारी महिला थाना, डॉग स्क्वायड टीम और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। क्षेत्राधिकारी नगर ने विशेष रूप से हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल-ढाबे और मुख्य बाजारों का भ्रमण किया। गश्त के दौरान, क्षेत्राधिकारी नगर ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया और सभी से गणतंत्र दिवस के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों को आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थलों, संवेदनशील स्थानों, होटलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और विभिन्न धार्मिक स्थलों के आसपास प्रभावी फुट पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बाजारों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर, जहां महिलाओं की उपस्थिति अधिक होती है, वहां महिला पुलिस कर्मियों की निरंतर पेट्रोलिंग लगाने और बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहनता से जांच करने के आदेश भी दिए गए।