हाथरस में 6 दिसंबर को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट:ASP ने पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

6 दिसंबर को बाबरी ढांचा विध्वंस की बरसी से पहले हाथरस में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में 5 दिसंबर की देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) रामानंद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के मुख्य बाजारों और हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस पैदल गश्त में अपर पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्यामवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सतेन्द्र राघव, प्रभारी निरीक्षक थाना सासनी अवधेश जादौन, प्रभारी निरीक्षक मुरसान वीपी. गिरि, प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट अरविन्द राठी, महिला थाना प्रभारी रितु तोमर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। वहीं गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन और शहर के सासनी गेट चौराहा, सर्राफा बाजार, घण्टाघर, रामलीला मैदान जैसे प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ वाले बाजारों और उन स्थानों पर जहां महिलाओं की उपस्थिति अधिक होती है, वहां महिला पुलिस कर्मियों की निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, चिन्हित स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच करने के भी आदेश दिए गए।