हाथरस सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत:गुस्साई भीड़ ने आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगाई आग, ड्राइवर फरार

हाथरस में एक सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। यह घटना हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के जलेसर रोड पर गंगोली के निकट हुई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाले आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला में आग लगा दी। मृतक की पहचान वीर नगर निवासी 46 वर्षीय दुष्यंत सारस्वत पुत्र बाबूलाल सारस्वत के रूप में हुई है। दुष्यंत सारस्वत आज सोमवार की रात करीब 8 बजे अपने ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत जोतने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जलेसर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे एक आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर से दुष्यंत सारस्वत नीचे गिर गए और इसके नीचे दब गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहां पर चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह दुष्यंत को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉला में आग लगा दी, जिससे वह धूं-धूं कर जलने लगा। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां भी बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण जलेसर रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक दुष्यंत सारस्वत अपने पीछे तीन संतानों को छोड़ गए हैं।