हापुड़ में पक्षों में गोलीबारी, 5 लोग घायल:चारा ले जा रहे युवक का रास्ता रोकने पर विवाद, दो पक्ष भिड़े

हापुड़ में मामूली कहा सुनी में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। हादसे में 5 लोगों को गोली लगी है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेरठ रेफर कर दिया। घटना नूरपुर गांव में रविवार देर शाम घटी। दरअसल, नूरपुर का रहने वाला अमन अपने घर चारा लेकर जा रहा था। रास्ते में संजय की ट्रैक्टर और कार खड़ी थी। जिससे आने जाने में दिक्कत हो रही थी। इसी बात को लेकर अमन और संजय के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर संजय के पुत्रों और उनके समर्थकों ने अमन को रोककर उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर अमन के समर्थन में कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। मौके पर गोलीबारी शुरू हो गई। घायलों का चल रहा इलाज गोली बारी में आयुष, निखिल, रवि और अनुज सहित कुल पांच लोगों को गोली लगी है। गोली लगने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद रास्ता रोकने और मारपीट के बाद बढ़ा। गोली किसने चलाई, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। co वरुण मिश्रा ने आरोपियों खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गांव में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सावधानी के तौर पर पुलिस लगातार गश्त कर रही है।