हापुड़ में शीतलहर के चलते स्कूलों में 2 दिन बंद:डीएम ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दिए आदेश

हापुड़ में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद के समस्त स्कूलों और कॉलेजों को आगामी दो दिनों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी शिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू रहेगा। सड़कों पर छाया घना कोहरा बीते कुछ दिनों से जनपद में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है। रविवार की रात सड़कों पर भयंकर कोहरा देखने को मिला। जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। कोहरे के कारण सड़क और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, वहीं ठंड में भी लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। दिनभर शीतलहर के चलते आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। 2 दिन बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। ठंड और कोहरे के चलते छोटे बच्चों, विशेषकर प्राथमिक व माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या स्वास्थ्य जोखिम से बचाव के लिए स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्णय आवश्यक था। सोमवार और मंगलवार को अवकाश घोषित किया गया है। ठंड में बरते एहतियात प्रशासन की ओर से सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि मौसम की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। यदि ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहती है तो आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न भेजें और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त सावधानी बरतें। मौसम सामान्य होने पर शिक्षण संस्थानों को पुनः खोलने की सूचना समय पर जारी की जाएगी।