हिंडन नदी में सफाई अभियान, 9 KM में जलकुंभी हटेगी:गाजियाबाद नगर निगम की पहल, नदी को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य

गाजियाबाद में हिंडन नदी को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर जलकल विभाग इस कार्य को कर रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नदी से गंदगी और जलकुंभी हटाकर उसे साफ बनाना है। नगर निगम की टीम सिटी फॉरेस्ट से लेकर इंदिरापुरम NH-9 तक लगभग 9 किलोमीटर के क्षेत्र में सफाई कर रही है। इस दौरान विशेष मशीनों की मदद से नदी में फैली जलकुंभी और अन्य खरपतवार हटाए जा रहे हैं। यह पहली बार है जब गाजियाबाद नगर निगम इतने बड़े पैमाने पर हिंडन नदी की सफाई कर रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, जलकुंभी नदी के पानी में ऑक्सीजन की मात्रा कम कर देती है, जिससे जलीय जीवों को नुकसान होता है। इसलिए इसे हटाना आवश्यक है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे नदी में पूजा सामग्री या अन्य कचरा न डालें, क्योंकि इससे प्रदूषण फैलता है। इस अभियान में महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद के नेतृत्व में टीम लगातार कार्य कर रही है। नदी के किनारों की भी सफाई की जा रही है ताकि पूरा क्षेत्र स्वच्छ हो। नगर निगम का लक्ष्य है कि पूरे 9 किलोमीटर के क्षेत्र को जलकुंभी मुक्त बनाया जाए।
इस कार्य में कई सामाजिक संस्थाएं भी नगर निगम का सहयोग कर रही हैं। जलकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में लगे हुए हैं। साथ ही, वरिष्ठ अधिकारी इसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पहले चरण में यह अभियान लगभग तीन महीने तक जारी रहेगा। नगर निगम शहर के लोगों को भी जागरूक कर रहा है ताकि वे नदी को साफ रखने में सहयोग करें।