हुसैनाबाद के घंटाघर पार्क में जे.पी.एस स्टार 11 और इम्पल्स सिने एंटरटेनमेंट्स के सहयोग सें ‘लव यू जिंदगी’ टास्क शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई। इस टास्क शो में प्रतिभागियों से समसामयिक विषयों, फिल्मी दुनिया, इतिहास, संस्कृति और कला से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ इन सवालों के जवाब दिए, जिससे उनकी समझ और जानकारी का स्तर सामने आया। प्रतिभागियों को मंच पर समान अवसर मिला कार्यक्रम का संयोजन शैलेन्द्र कुमार और प्रदीप श्रीवास्तव ने किया। सुव्यवस्थित संचालन के कारण यह कार्यक्रम प्रभावशाली रहा, जिसमें हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों को मंच पर समान अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान पूरे माहौल में उत्साह बना रहा।विजेता प्रतिभागियों को अरविंद सक्सेना ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर बच्चों और युवाओं के चेहरे पर खुशी दिखी, वहीं बुजुर्ग प्रतिभागियों का उत्साह भी उल्लेखनीय था। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से बढ़ाया कार्यक्रम में हास्य का भी भरपूर समावेश था। जय प्रकाश जूनियर ‘राजू श्रीवास्तव’ ने अपनी स्टैंडअप कॉमेडी से दर्शकों को खूब हंसाया। राजेश कुमार जूनियर ‘रवि किशन’ ने अमिताभ बच्चन, अमरीश पुरी, नाना पाटेकर, गुलशन ग्रोवर और रवि किशन सहित कई कलाकारों की मिमिक्री कर लोगों का मनोरंजन किया। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। इस आयोजन के दौरान घंटाघर पार्क का माहौल उत्सवपूर्ण रहा। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया, जहाँ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला। मनोरंजन के साथ-साथ एक सकारात्मक संदेश भी दिया गया।इस अवसर पर संजय कुमार और गणेश राजर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।