होली के त्योहार के मद्देनजर रामपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार शाम सिविल लाइंस पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सघन तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान शाम करीब साढ़े सात बजे शुरू हुआ और लगभग एक घंटे तक चला। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ओंकार सिंह, जीआरपी इंस्पेक्टर ईश्वर चंद और आरपीएफ थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के बैग, सूटकेस और अन्य सामान की गहन जांच की। रेलवे परिसर में खड़े संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ बढ़ जाती है, ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए एहतियातन यह चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें और किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को न छुएं। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत रेलवे पुलिस या संबंधित अधिकारी को सूचित करें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि होली के अवसर पर स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी। त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके, इसके लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह के सघन जांच अभियान जारी रहेंगे।